प्रेस विज्ञप्ति
स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती स्मृति न्यास
भुवनेश्वर, ओडिशा
दिनांक: 16.06.2026
स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती स्मृति न्यास के अध्यक्ष के नेतृत्व में न्यास के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज ओडिशा के माननीय मुख्यमंत्री से भेंट कर पूज्य स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की दुखद हत्या एवं उसके उपरांत हुई हिंसा से संबंधित जांच आयोग की रिपोर्ट के कथित रूप से लापता होने के गंभीर विषय पर एक ज्ञापन सौंपा।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मीडिया एवं सार्वजनिक चर्चाओं में हाल ही में प्रकाशित उन खबरों पर गहरी चिंता व्यक्त की, जिनमें जांच आयोग की रिपोर्ट के लापता होने की बात सामने आई है। इस घटनाक्रम ने ओडिशा की जनता के बीच चिंता, असंतोष एवं संदेह का वातावरण उत्पन्न कर दिया है। न्यास ने इस बात पर विशेष बल दिया कि यह विषय अत्यंत संवेदनशील है तथा लाखों श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है, इसलिए इस मामले में त्वरित कार्रवाई एवं पारदर्शिता अत्यंत आवश्यक है।प्रतिनिधिमंडल ने माननीय मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर लापता जांच आयोग की रिपोर्ट को खोजकर सार्वजनिक किया जाए तथा इस मामले में यदि किसी अधिकारी अथवा व्यक्ति की लापरवाही या दायित्वहीनता पाई जाती है, तो उनके विरुद्ध त्वरित एवं उदाहरणात्मक कार्रवाई की जाए।
इसके अतिरिक्त, प्रतिनिधिमंडल ने न्यायमूर्ति शरत चंद्र महापात्र की अंतरिम रिपोर्ट एवं न्यायमूर्ति वासुदेव पाणिग्रही आयोग की रिपोर्ट को सार्वजनिक किए जाने की भी जोरदार मांग की, ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके , और ओडिशा की जनता इस संवेदनशील विषय से जुड़े वास्तविक तथ्यों से अवगत हो सके।